नोनीहाट/धनबाद। बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की प्रचंड जीत के बाद झारखंड के जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र में जश्न का माहौल देखने को मिला। जीत की खुशी में जरमुंडी के विधायक देवेंद्र कुंवर और उनके विधायक प्रतिनिधि मिथिलेश कुंवर ने अपने नोनीहाट स्थित आवास पर आतिशबाजी कर दिवाली मनाई और लोगों के बीच मिठाइयां बांटीं।
जैसे ही बिहार के चुनावी नतीजे स्पष्ट हुए, विधायक आवास पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और रंग लगाकर जीत की बधाई दी। आसपास का पूरा इलाका आतिशबाजी की चमक से रोशन हो उठा।इस मौके पर विधायक देवेंद्र कुंवर ने कहा कि बिहार में NDA की यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, सुशासन और विकास की राजनीति पर जनता के भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जनता ने वंशवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को नकारते हुए विकास को चुना है। जीत से पूरे देश में भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
विधायक प्रतिनिधि मिथिलेश कुंवर ने भी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह परिणाम भाजपा के विकास मॉडल की जनता द्वारा की गई स्वीकृति है।
जश्न में बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान “भारत माता की जय” और “जय श्रीराम” के नारे गूंजते रहे। मौके पर संदीप पांडे, अनूप कुमार सिंह, पप्पू कुमार सिंह, पशुपति सिंह, स्वरूप सिंहा, नरेश पांडा, मौली कुमार, देवानी राय, सहदेव मांझी, केशव गुप्ता, गुड्डू कनोडिया, घनश्याम शाह, सचिन कुमार, मिथिलेश कुमार, गुलशन गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे।















