झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (JRDA) ने बेलगड़िया टाउनशिप में कई महत्वपूर्ण विकासात्मक कार्यों की शुरुआत कर स्थानीय निवासियों के लिए नई उम्मीदें जगाईं। शनिवार को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शॉपिंग सेंटर का उद्घाटन, आंगनवाड़ी केंद्र का शिलान्यास, मार्केट कॉम्प्लेक्स की दुकानों के आवंटन आदेश का वितरण तथा 15 लाभुकों को ई-रिक्शा प्रदान किए गए।
उद्घाटन कार्यक्रम में झरिया की विधायक रागिनी सिंह, सिंदरी के विधायक चंद्रदेव महतो, तथा जेरेडा के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर योजनाओं की शुरुआत की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि बेलगड़िया टाउनशिप की समस्याओं को वह लगातार विधानसभा में उठाती रही हैं। उन्होंने कहा कि—“किसी भी नई बसावट के लिए पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार जैसी सुविधाएँ सबसे बुनियादी आवश्यकताएँ होती हैं। बेलगड़िया में इन सभी क्षेत्रों में सुधार लगातार जारी है। आज ई-रिक्शा वितरण और नए मार्केट कॉम्प्लेक्स की दुकानों के आवंटन से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार तथा आजीविका के नए मार्ग खुलेंगे।”
JRDA द्वारा उठाए गए इन कदमों से बेलगड़िया टाउनशिप में आर्थिक गतिविधियों और स्थानीय विकास को नया आयाम मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

















