रांची | 30 अक्टूबर 2025 | वंदे भारत न्यूज़-:रांची और चाईबासा में बच्चों को संक्रमित (एचआईवी पॉजिटिव) खून चढ़ाए जाने की घटना ने राज्य को झकझोर कर रख दिया है। इस गंभीर मामले पर झारखंड हाईकोर्ट ने गुरुवार को कड़ा रुख अपनाते हुए राज्य सरकार के अधिकारियों को फटकार लगाई और ऐसी घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए।मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान और न्यायमूर्ति राजेश शंकर की खंडपीठ में इस मामले की सुनवाई हुई। अदालत ने इसे “बेहद चिंताजनक और मानवीय दृष्टि से गंभीर लापरवाही” करार देते हुए राज्य सरकार से जवाब मांगा।
सुनवाई के दौरान स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार सिंह, झारखंड एड्स कंट्रोल सोसाइटी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर और ड्रग कंट्रोलर सशरीर अदालत में उपस्थित रहे। अदालत ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे शपथ पत्र दाखिल कर राज्य के सरकारी एवं निजी अस्पतालों में आयोजित ब्लड डोनेशन कैंप्स का पूरा ब्यौरा प्रस्तुत करें।हाईकोर्ट ने यह भी पूछा कि राज्य के अस्पतालों में कितने यूनिट रक्त की आवश्यकता होती है, और कितना रक्त सुरक्षित रूप से उपलब्ध कराया जा रहा है। अदालत ने कहा कि “ऐसी घटनाएं जनता के स्वास्थ्य तंत्र पर अविश्वास पैदा करती हैं, इसलिए सरकार को जवाबदेही तय करनी होगी।”
अगली सुनवाई में राज्य सरकार को इस मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट पेश करनी होगी।📍#JharkhandHighCourt #Ranchi #HIVCase #HealthDepartment #BloodTransfusion #VandeBharatNews #JharkhandNews















