रांची:झारखंड राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में पहली बार झारखंड सरकार का प्रतिनिधिमंडल वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम–2026 में भाग लेने के लिए दावोस पहुंचा है। इस क्रम में शनिवार को प्रतिनिधिमंडल ने इंडियन पवेलियन परिसर में स्थापित झारखंड पवेलियन का भ्रमण और निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम–2026 का आयोजन 19 से 23 जनवरी 2026 तक स्विट्जरलैंड के दावोस में किया जा रहा है। इस वैश्विक मंच पर झारखंड अपनी विकास संभावनाओं, निवेश अवसरों और नीतिगत प्राथमिकताओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करेगा।
झारखंड की भागीदारी मुख्य रूप से इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, वन एवं जैव-अर्थव्यवस्था तथा महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर केंद्रित रहेगी। इन क्षेत्रों के माध्यम से राज्य सतत विकास, न्यायसंगत परिवर्तन और समावेशी विकास के मुद्दों पर वैश्विक विमर्श में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराएगा।राज्य सरकार का उद्देश्य इस मंच के माध्यम से झारखंड को निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य के रूप में स्थापित करना, नई तकनीकों और वैश्विक साझेदारियों को बढ़ावा देना तथा राज्य के समग्र और दीर्घकालिक विकास की दिशा में ठोस पहल करना है।















