रांची: झारखंड स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद इस वर्ष रांची में पूर्वी जोन स्कूल बैंड प्रतियोगिता का आयोजन करेगा। 14 और 15 दिसंबर को मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, खेलगांव में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में पूर्वी भारत के 11 राज्यों की टीमें भाग लेंगी।
प्रतियोगिता में झारखंड, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा और सिक्किम की स्कूल बैंड टीमें शामिल होंगी। जोनल स्तर की चार विजेता टीमें राष्ट्रीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि यह आयोजन केवल संगीत की प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि बच्चों में अनुशासन, ताल–लय, समरसता और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने का अवसर है। परिषद ने सभी टीमों के आवास, भोजन, परिवहन और सुरक्षा की पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित की है।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन से न केवल प्रतिभागी विद्यार्थियों की प्रतिभा और टीमवर्क प्रदर्शित होगा, बल्कि झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और आयोजन क्षमता को भी राष्ट्रीय स्तर पर उजागर किया जाएगा।















