रांची/दावोस। स्विट्जरलैंड में भारत के राजदूत मृदुल कुमार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ज्यूरिख में मुलाकात की। इस दौरान राजदूत ने मुख्यमंत्री को वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) 2026 के आयोजन और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि झारखंड राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के बाद यह पहला अवसर है जब राज्य का कोई आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में भाग ले रहा है। इसे झारखंड के लिए वैश्विक मंच पर अपनी संभावनाओं और नीतियों को प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
दावोस में झारखंड की भागीदारी “प्रकृति के साथ सामंजस्य में विकास” की थीम पर आधारित है। यह विषय वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के सतत विकास, आपसी विश्वास तथा दीर्घकालिक आर्थिक परिवर्तन से जुड़े उद्देश्यों के अनुरूप है।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस अवसर पर झारखंड की प्राकृतिक संपदा, निवेश संभावनाओं और समावेशी विकास मॉडल पर राज्य की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। दावोस में झारखंड की मौजूदगी से राज्य को अंतरराष्ट्रीय निवेश, तकनीकी सहयोग और वैश्विक साझेदारी के नए अवसर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
















