---
title: "जिले के पूरेडलई ब्लॉक स्थित करौनी घाट सहित आसपास के विभिन्न घाटों पर सोमवार सुबह व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया"
url: "https://vandebharattv.com/jile-ke-puredlee-bl-k-sthit-krauni-ghat-shit/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-17T10:54:39+00:00"
---

# जिले के पूरेडलई ब्लॉक स्थित करौनी घाट सहित आसपास के विभिन्न घाटों पर सोमवार सुबह व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया

बाराबंकी,
 जिले के पूरेडलई ब्लॉक स्थित करौनी घाट सहित आसपास के विभिन्न घाटों पर सोमवार सुबह व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसी के साथ लोक आस्था के चार दिवसीय छठ महापर्व का हर्षोल्लास के साथ समापन हो गया।
 सुबह से ही करौनी घाट और अन्य जलाशयों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी थी। महिलाओं ने रातभर पूजा की तैयारियां कीं और घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीत गाए। सूर्योदय होते ही महिलाओं ने विधि-विधान के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर अपना निर्जला व्रत खोला।
 घाट पर पूजा-अर्चना करने पहुंचीं रीता, गीता, स्नेहलता और मंजू समेत कई महिलाओं ने बताया कि उन्होंने पूरे नियम और निष्ठा के साथ यह व्रत रखा। उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि, पति की दीर्घायु और बच्चों के खुशहाल जीवन की कामना की।
 पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर टिकैतनगर कोतवाली पुलिस घाटों पर पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही श्रद्धालुओं को गहरे पानी की तरफ जाने से रोका। वहीं, करौनी के ग्राम प्रधान गौरव सिंह द्वारा घाट पर साफ-सफाई व अन्य जरूरी व्यवस्थाएं कराई गईं। इस मौके पर पूर्व प्रधान विक्रम सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
