झामुमो प्रतिनिधिमंडल ने धनबाद नगर निगम के सहायक उपायुक्त से की मुलाकात — जनसमस्याओं के समाधान की रखी मांग

editor
2 Min Read

धनबाद | 13 नवंबर 2025झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) धनबाद महानगर समिति का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को नगर निगम, धनबाद के सहायक उपायुक्त श्री प्रकाश कुमार से मिला और शहर की प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व महानगर उपाध्यक्ष वकील दास ने किया।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने वार्ड संख्या 21 में पंडित दीनदयाल रोड की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए निगम प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। साथ ही वार्ड संख्या 18, 29, 30 और 47 में बिजली, सड़क, नाली और साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

झामुमो नेताओं ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में व्याप्त अनियमितताओं और बुनियादी सुविधाओं की कमी से आम जनता परेशान है। यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी जनहित में आंदोलनात्मक रुख अपनाने से पीछे नहीं हटेगी।सहायक उपायुक्त श्री प्रकाश कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि ज्ञापन में उठाए गए सभी मुद्दों की गंभीरता से समीक्षा की जाएगी और शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस मौके पर झामुमो महानगर समिति के कई पदाधिकारी उपस्थित थे, जिनमें प्रमुख रूप से —महानगर अध्यक्ष श्री मंटू कुमार चौहान, महानगर सचिव रामू मंडल, उपाध्यक्ष राजू प्रमाणिक, राजेश तुरी, जाहिद शेख, सद्दाम हुसैन, ऋतिक राणा, पंकज श्रीवास्तव सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।प्रतिनिधिमंडल ने अंत में कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा जनता की आवाज़ को सशक्त रूप से उठाता रहेगा और नागरिकों के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा।

Leave a Comment