जमुना कालरी और बदरा में चला स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्त परिसर का लिया संकल्प

जमुना कालरी। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के नेतृत्व में सेवा संकल्प अभियान के तहत जमुना कालरी स्थित शीतला माता मंदिर तथा ग्राम पंचायत बदरा के कुशियरा स्थित हनुमान मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का आयोजन नगर विकास प्रस्फुटन समिति पसान एवं कोशिश सेवा समिति कोतमा कॉलरी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
स्वच्छता अभियान में विद्यार्थियों, नवांकुर संस्थाओं के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए श्रमदान किया। इस दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में जमा कचरे को एकत्रित कर साफ-सफाई की गई।
अभियान के दौरान लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने तथा मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त रखने की शपथ ली।
स्वच्छता कर्मियों का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका पसान के स्वच्छता पर्यवेक्षक अनिल सिंह तथा स्वच्छता कर्मियों अमित और मंगल को उनके योगदान के लिए शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
अभियान में संस्था के पदाधिकारियों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही। आयोजकों ने लोगों से स्वच्छता अभियान को निरंतर जारी रखने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की अपील की।
अनूपपुर से डिस्ट्रिक्ट ब्यूरो राकेश मिश्रा की खास रिपोर्ट।




