---
title: "जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया"
url: "https://vandebharattv.com/jnjatiy-gaurv-divs-mnaya-gya/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-15T17:16:05+00:00"
---

# जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया

\*नर्मदा महाविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस\*

\*भगवान बिरसा मुंडा को दी गई श्रद्धांजलि\*
 \*नर्मदापुरम:\*
 स्थानीय नर्मदा महाविद्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, जिला नर्मदापुरम के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों और वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन दर्शन और उनके स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को याद किया।

संभाग समन्वयक श्री कौशलेश प्रताप जी के विशेष निर्देशन और जिला समन्वयक श्रीमती कोकिला चतुर्वेदी के मुख्य आतिथ्य में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।

\*मुख्य अतिथियों का संबोधन\*

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं जिला समन्वयक श्रीमती कोकिला चतुर्वेदी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा न केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे, बल्कि वे जनजातीय समाज के अधिकारों, जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले जननायक थे। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समाजसेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
 संभाग समन्वयक श्री कौशलेश प्रताप जी ने अपने संदेश में युवाओं को राष्ट्र निर्माण और जनजातीय संस्कृति के संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

\*इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति\*
 कार्यक्रम में परामर्शदाताओं की विशेष उपस्थिति रही, जिनमें श्री नीरज चतुर्वेदी, नेहा तिवारी जी, राजेंद्र कुशवाह, मनीष यादव, और राजेश मालवीय प्रमुख रूप से शामिल रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें समाज सेवा और नैतिक मूल्यों से जुड़े रहने का संदेश दिया।

\*विद्यार्थियों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा\*

इस आयोजन में महाविद्यालय के बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की और जनजातीय गौरव से जुड़े विभिन्न सांस्कृतिक व वैचारिक बिंदुओं पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति और जनजातीय संस्कृति के रंगों से सराबोर नजर आया।
