जामताड़ा/कर्माटांड़ | कर्माटांड़ प्रखंड के खुटाबांध और डुमरिया के बीच बनने वाले बहुप्रतीक्षित उच्च स्तरीय पुल का विधिवत शिलान्यास झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया। दशकों से लंबित इस मांग के पूरा होने पर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने इसे कर्माटांड़ के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि उन्होंने चुनाव के दौरान जनता से इस पुल के निर्माण का वादा किया था, जिसे आज पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पुल केवल आवागमन का साधन नहीं होगा, बल्कि सारठ और जामताड़ा विधानसभा को जोड़ते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।
मंत्री ने कहा कि इस पुल के निर्माण से दर्जनों गांवों को बरसात के मौसम में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी। मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचने में सुविधा होगी, छात्रों को स्कूल-कॉलेज जाने में आसानी होगी और स्थानीय व्यापार व कृषि को बढ़ावा मिलेगा।अपने संबोधन में डॉ. इरफान अंसारी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि बीते 20 वर्षों में यह काम नहीं हो सका, जबकि उनकी सरकार ने जनता की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति धर्म या विभाजन की नहीं, बल्कि विकास और जनसेवा की है।
स्थानीय ग्रामीणों ने मंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह पुल उनके लिए लंबे समय से देखा गया सपना था, जो अब साकार हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने से आने वाली पीढ़ियों को भी इसका लाभ मिलेगा।शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। यह पुल क्षेत्र के लिए विकास, विश्वास और जनकल्याण का प्रतीक माना जा रहा है।
















