धनबाद: भारतीय रेड क्रॉस समिति, धनबाद द्वारा गुरुवार को ग्रामीण क्षेत्र मिश्रडीह आसनबनी में स्वास्थ्य जांच कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
कैंप में रेड क्रॉस सोसाइटी धनबाद के चेयरमैन कौशलेंद्र कुमार सिंह, चेयरमैन सलाहकार सह कार्यकारिणी सदस्य कुमार मधुरेन्द्र सिंह, नोडल पदाधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. जिम्मी अभिषेक, आजीवन सदस्य सह डॉ. जी.एन. ओझा मौजूद रहे। इसके अलावा एडवोकेट एस.पी. शर्मा, अरविंद पाठक, मो. कलीम सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
कैंप के दौरान सड़क दुर्घटना में घायल मदन सोरेन का प्राथमिक सर्जिकल उपचार मौके पर ही किया गया। कुल 80 पुरुष एवं महिलाओं ने शुगर, बीपी सहित अन्य स्वास्थ्य जांच कराई। जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवा भी उपलब्ध कराई गई।
कुमार मधुरेंद्र सिंह ने बताया कि रेड क्रॉस सोसाइटी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाना और लोगों को जागरूक करना है। आगे भी ऐसे कैंप नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
















