---
title: "कोरबा में बड़ा हादसा टला: अनियंत्रित होकर घर में घुसा 7 लाख के कबाड़ से भरा ट्रक, सोते हुए परिजनों ने भागकर बचाई जान"
url: "https://vandebharattv.com/korba-men-bda-hadsa-tla-aniyntrit-hokr-ghr-men/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-26T15:59:43+00:00"
---

# कोरबा में बड़ा हादसा टला: अनियंत्रित होकर घर में घुसा 7 लाख के कबाड़ से भरा ट्रक, सोते हुए परिजनों ने भागकर बचाई जान

कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राताखार स्थित बजरंग चौक में सोमवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कबाड़ से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसा। हादसे के वक्त घर के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। तेज धमाके की आवाज सुनकर परिजनों की नींद खुली और दहशत में सभी तुरंत बाहर की ओर भागे। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
 ​हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस ने संभाला मोर्चा
 जानकारी के अनुसार, ट्रक बजरंग चौक मुख्य मार्ग से गुजर रहा था, तभी अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे घर में जा घुसा। देर रात हुए इस हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
 ​ट्रक से 7 लाख रुपये का कबाड़ जब्त
 सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक को घर से बाहर निकलवाया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 208.6 क्विंटल कबाड़ लदा पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है।
 ​कोतवाली टीआई प्रेमचंद साहू ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस अब फरार चालक की तलाश करने के साथ-साथ इस बात की भी जांच कर रही है कि यह कबाड़ कहां से लोड किया गया था और इसे कहां खपाने के लिए ले जाया जा रहा था। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
