---
title: "कुरारा में चोरी की बाइक बरामद कराने के नाम पर पांच हजार रुपये मांगने का आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई गुहार"
url: "https://vandebharattv.com/kurara-men-chori-ki-baik-bramd-krane-ke-nam/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-26T15:59:33+00:00"
---

# कुरारा में चोरी की बाइक बरामद कराने के नाम पर पांच हजार रुपये मांगने का आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई गुहार

कुरारा में चोरी की बाइक बरामद कराने के नाम पर पांच हजार रुपये मांगने का आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई गुहार

हमीरपुर। कुरारा थाना क्षेत्र में चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद कराने के नाम पर पुलिसकर्मियों द्वारा पांच हजार रुपये मांगने का आरोप सामने आया है। मामले में पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार कुरारा थाना क्षेत्र के लखौंदा गांव निवासी जगदीश पुत्र बहादुर की मोटरसाइकिल 7 मई 2026 की रात घर के दरवाजे से चोरी हो गई थी। उस समय वह अपने भाई की शादी में महोबा गया हुआ था। पीड़ित का आरोप है कि कुछ दिन बाद उसे जानकारी हुई कि उसके भाई जगतरूप ने मोटरसाइकिल चोरी कर खन्ना, जिला महोबा निवासी अभिषेक यादव पुत्र ओमप्रकाश को दे दी है। पीड़ित के अनुसार मोटरसाइकिल उसके नाम पर पंजीकृत है।

जगदीश ने बताया कि उसने 30 नवंबर 2026 को कुरारा थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि थाने में मौजूद दो सिपाहियों ने मोटरसाइकिल वापस दिलाने के नाम पर पांच हजार रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और थाने से बाहर निकाल दिया गया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसे मोटरसाइकिल कभी वापस न मिलने और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।

पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर रिपोर्ट दर्ज करने, संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद कराने की मांग की है।

नोट: पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है।

संवाददाता: निज़ाम ख़ान
 वंदे भारत न्यूज़ | हमीरपुर
