धनबाद, 28 नवंबर : धनबाद रेल मंडल में बड़े पैमाने पर चलाए जा रहे टिकट चेकिंग अभियान के तहत शुक्रवार को धनबाद स्टेशन पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान दोपहर 3 बजे से शाम 6:30 बजे तक चला।
जांच के दौरान कुल 78 यात्रियों को विभिन्न नियम उल्लंघनों के चलते पकड़ा गया। इसमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार यात्रा करने वाले, तथा बिना बुक कराए सामान के साथ यात्रा कर रहे यात्री शामिल थे। इनसे कुल 36,715 रुपये जुर्माना वसूला गया। साथ ही सभी को भविष्य में उचित टिकट लेकर ही यात्रा करने की कड़ी हिदायत दी गई।
अभियान के दौरान अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। चेकिंग टीमों ने स्टेशन परिसर के साथ-साथ कई मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में भी जांच की।धनबाद मंडल ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। मंडल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे उचित टिकट लेकर ही प्लेटफार्म और ट्रेन में प्रवेश करें तथा जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी श्रेणी में यात्रा करें।



















