झरिया | खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ राजा कुमार ने सोमवार को झरिया बाजार क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान मसाला निर्माताओं, मिठाई दुकानों और किराना दुकानों सहित कुल एक दर्जन प्रतिष्ठानों की जांच की गई।




छापेमारी दल ने श्री सिद्धिविनायक मसाला स्टोर, श्री बालाजी मसाला स्टोर, राजेश भंडार, महादेव स्वीट्स, श्री श्यामजी कल्याण गठिया दुकान, शिव मिष्ठान भंडार समेत अन्य दुकानों का निरीक्षण किया। मौके पर ही बिंदी, नमकीन, पनीर और लड्डू का रासायनिक परीक्षण किया गया।
जांच के दौरान राजेश नमकीन के बेसन लड्डू रासायनिक परीक्षण में फेल पाए गए, जिसके बाद उसे तुरंत स्पॉट पर ही नष्ट कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने श्री श्यामजी कल्याण गठिया दुकान और शिव मिष्ठान भंडार को 14 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से फूड लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया। साथ ही दुकानदारों को बिना तारीख वाले पैकेज्ड नमकीन और लड्डू नहीं बेचने की सख्त हिदायत दी गई। कुछ दुकानों को नियमों के उल्लंघन पर स्पॉट नोटिस भी जारी किया गया।
अधिकारी डॉ.राजा कुमार ने स्पष्ट कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।अधिनियम के तहत दोषी पाए जाने वाले खाद्य कारोबारियों पर आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।झरिया क्षेत्र में इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं उपभोक्ताओं ने खाद्य विभाग की इस पहल की सराहना की है।














