दुमका संवाददाता-:दुमका, 27 नवंबर 2025दुमका रेलवे स्टेशन के पास बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। रामपुरहाट से जसीडीह जाने वाली पैसेंजर ट्रेन संख्या 63081 की दो बोगियां स्टेशन के नजदीक अचानक बेपटरी हो गईं। घटना इतनी अचानक हुई कि मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन की गति कम होने के कारण बड़ा हादसा होने से बच गया और किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। बेपटरी हुई बोगियों ने रेलवे लाइन के किनारे लगे ओएचई इलेक्ट्रिक पोल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई।घटना की जानकारी स्टेशन प्रबंधक ने तुरंत रेलवे के वरीय अधिकारियों को दे दी। इसके बाद रेल विभाग के तकनीकी दल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं पुनर्वासन कार्य में जुट गया है।
ट्रेनों का आवागमन बाधित, रूट बदले गएबेपटरी हुई बोगियों और क्षतिग्रस्त ओएचई तारों के कारण दुमका होकर गुजरने वाली ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हो गया है। रेलवे ने कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया है, ताकि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो।
रेल विभाग ने कहा है कि ट्रैक बहाली और ओएचई मरम्मत कार्य तेजी से जारी है। फिलहाल घटनास्थल पर सतर्कता बढ़ा दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।स्थानीय लोगों ने रेलवे से ट्रैक मेंटेनेंस और सुरक्षा मानकों को और बेहतर करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।















