धनबाद/झरिया, 14 नवंबर 2025।विश्व दयालुता दिवस तथा झारखंड स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा देर रात जरूरतमंदों के बीच कंबल एवं गर्म वस्त्र वितरण कार्यक्रम चलाया गया। “जन सेवा – आनंद सबके लिए” पहल के तहत आयोजित इस अभियान में कई स्थानों पर गरीबों, मजदूरों, बेघर और बुजुर्गों तक गर्म कपड़े पहुँचाए गए।
टीम ने झरिया के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा धनबाद स्टेशन के साउथ साइड गेट के आसपास मौजूद जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर ठंड से बचाव के लिए कंबल और विशेष गर्म वस्त्र वितरित किए। बढ़ती सर्दी के बीच मिले इन गर्म वस्त्रों से लोगों को बड़ी राहत मिली और उनके चेहरों पर संतोष साफ झलकता दिखा।
अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा के नेतृत्व में हुआ अभियानइस रात्रिकालीन सेवा कार्यक्रम का नेतृत्व शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने किया। कार्यक्रम के संयोजक सनी अग्रवाल, संकल्प अग्रवाल, तथा सक्रिय सदस्य हितेन शर्मा और मयंक केजरीवाल ने विभिन्न स्थानों का दौरा कर लोगों तक सहायता पहुंचाई।
जनसेवा को समर्पित रहा कार्यक्रमसंयोजक सनी अग्रवाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य समाज में मानवता, करुणा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा की यह पहल साबित करती है कि सेवा, संवेदनशीलता और दयालुता ही समाज को सामूहिक रूप से सशक्त बनाती है।


















