झरिया: विश्व एड्स दिवस के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा ने एड्स जागरूकता को बढ़ाने के लिए विशेष अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम के तहत संगठन ने जागरूकता पोस्टर का लोकार्पण किया और इसके बाद शहर के प्रमुख स्थानों—मुख्य चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक इलाक़ों में—इन पोस्टरों को लगाया।
युवा टीम ने सड़क पर उतरकर लोगों को एड्स से जुड़े भ्रम दूर करने के लिए प्रेरित किया। आमजन को एचआईवी परीक्षण कराने, सुरक्षित व्यवहार अपनाने, भेदभाव से दूर रहने और एड्स के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने का संदेश दिया गया। राहगीरों को सरल भाषा में यह बताया गया कि एड्स कैसे फैलता है और कैसे नहीं, ताकि गलत धारणाएं दूर हों।
कार्यक्रम के दौरान शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, संयुक्त सचिव सनी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष किरण शर्मा, वरिष्ठ सदस्य दिनेश शर्मा, मयंक केजरीवाल और हितेन शर्मा मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने कहा कि जागरूकता ही एड्स जैसी बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।संगठन ने लोगों से अपील की कि वे बिना किसी झिझक के सही जानकारी अपनाएँ और समाज में एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने में सहयोग करें।
















