हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में आज एक भीषण विस्फोट की घटना सामने आई है। हजारीबाग के हबीबी नगर इलाके में हुए इस शक्तिशाली विस्फोट में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
मृतकों की पहचान रशीदा परवीन (पति–मुस्ताक), नन्ही परवीन (पति–सद्दाम) और सद्दाम (पिता–युनूस) के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ स्थानीय लोग इलाके में झाड़ी साफ कर रहे थे, तभी अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। आशंका जताई जा रही है कि झाड़ियों में पहले से दबा कोई विस्फोटक पदार्थ सफाई के दौरान सक्रिय हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट के समय एक महिला पास ही ठंड से बचने के लिए धूप सेंक रही थी, जो इसकी चपेट में आ गई। विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाकों में भी सुनाई दी, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। चार थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारी, दो डीएसपी, स्वान दस्ता (डॉग स्क्वॉड) और हजारीबाग पुलिस की टेक्निकल टीम मौके पर पहुंच चुकी है। पूरे इलाके को घेराबंदी कर जांच की जा रही है।
क्षेत्रीय आईजी ऑपरेशन माइकल राज ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विस्फोट में दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हुई है, जिनमें पति-पत्नी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विस्फोट किस प्रकार का था और उसकी सटीक वजह क्या है, इसकी गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोटक से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।फिलहाल क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।

















