धनबाद |सरायढेला थाना क्षेत्र के विकास नगर में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। तीन मंजिला मकान में अचानक लगी भीषण आग में नानी और नाती की जलकर मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग झुलस गए। घटना के वक्त मकान में कुल 15 लोग सो रहे थे।
मृतकों की पहचान 70 वर्षीय चिंता देवी और उनके 22 वर्षीय नाती प्रशांत कुमार उर्फ गोलू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रशांत 15 दिन पहले ही पटना से अपनी नानी के घर आया था। आग की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
आग सबसे पहले मकान के प्रथम तल पर लगी, जहां आठ लोग सो रहे थे। देखते ही देखते पूरे घर में घना धुआं भर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। दम घुटने और आग के कारण कई लोग बाहर निकलने में असमर्थ हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से कुछ लोगों को बाहर निकाला गया।सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में झुलसे छह लोगों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आशंका है कि हीटर चलने के दौरान शॉर्ट सर्किट से आग भड़की। सरायढेला थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।

















