धनबाद, 23 दिसंबर 2025।धनबाद मंडल में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर लगाम लगाने के उद्देश्य से आज व्यापक स्तर पर मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान सुनियोजित कार्यक्रम के तहत दिन-रात संचालित किया गया, जिसमें स्टेशनों और विभिन्न मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में सघन जांच की गई।
जांच के दौरान कुल 712 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले तथा बिना बुक किए गए सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्री शामिल थे। अभियान के तहत ₹4,60,930 की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गई। पकड़े गए यात्रियों को भविष्य में उचित टिकट के साथ यात्रा करने की कड़ी हिदायत दी गई।
टिकट चेकिंग के दौरान स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। धनबाद मंडल, पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही प्लेटफॉर्म में प्रवेश करें और जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी श्रेणी में यात्रा करें। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस तरह के टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

















