धनबाद | 15 नवंबर 2025धनबाद रेल मंडल में व्यापक स्तर पर मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसके तहत बड़ी संख्या में यात्रियों की जांच की गई। यह अभियान सुनियोजित तरीके से दिन-रात जारी रहा, जिसमें टिकट से संबंधित अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 840 यात्रियों को पकड़ा गया। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले तथा बिना बुक किए गए सामान के साथ यात्रा कर रहे यात्री शामिल थे। पकड़े गए यात्रियों से ₹5,60,600 का जुर्माना वसूला गया और उन्हें उचित टिकट लेकर यात्रा करने की सख्त हिदायत दी गई।
चेकिंग टीमों ने स्टेशनों के साथ-साथ विभिन्न मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में भी जांच की। टिकट चेकिंग अभियान के कारण स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर भारी भीड़ देखी गई।
धनबाद मंडल, पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट के साथ ही प्लेटफॉर्म में प्रवेश करें तथा जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी श्रेणी में यात्रा करें। मंडल प्रशासन ने बताया कि टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


















