---
title: "में गांजा बिक्री का पर्दाफाश; दो आरोपी गिरफ्तार स्थानीय अपराध शाखा की बड़ी कार्रवाई, 2 लाख 21 हजार"
url: "https://vandebharattv.com/men-ganja-bikri-ka-prdaphash-do-aaropi-giraftar-sthaniy/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-09T07:08:13+00:00"
---

# में गांजा बिक्री का पर्दाफाश; दो आरोपी गिरफ्तार स्थानीय अपराध शाखा की बड़ी कार्रवाई, 2 लाख 21 हजार

फुलसावंगी में गांजा बिक्री का पर्दाफाश; दो आरोपी गिरफ्तार

स्थानीय अपराध शाखा की बड़ी कार्रवाई, 2 लाख 21 हजार 800 रुपये का माल जब्त

यवतमाल | जिला प्रतिनिधि शेख महेबूब

यवतमाल जिले के महागांव तहसील अंतर्गत फुलसावंगी परिसर में गांजा बिक्री के अवैध कारोबार का स्थानीय अपराध शाखा ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने जाल बिछाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में 2 किलो 10 ग्राम गांजा, दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन सहित कुल 2 लाख 21 हजार 800 रुपये का माल जब्त किया गया। यह कार्रवाई 7 नवंबर को बिटरगांव पुलिस थाना क्षेत्र में की गई।
 प्राप्त जानकारी के अनुसार, यवतमाल जिले में अवैध धंधों और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी के तहत स्थानीय अपराध शाखा की टीम उमरखेड उपविभाग क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि नांदेड़ का एक व्यक्ति बजाज पल्सर मोटरसाइकिल से फुलसावंगी परिसर में गांजा बिक्री के लिए लेकर आने वाला है।
 सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने फुलसावंगी रोड पर मेट गांव की सीमा में जाल बिछाया। इस दौरान एक पल्सर और एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार व्यक्तियों को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद बैग से 2 किलो 10 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
 पुलिस ने आरोपियों की पहचान संतोष लक्ष्मण कोंडवाड (उम्र 32 वर्ष, निवासी वसंतनगर, नांदेड़) तथा शेख आफताब जानशाह (उम्र 19 वर्ष, निवासी फुलसावंगी, तहसील महागांव, जिला यवतमाल) के रूप में की है।

कार्रवाई में मोटरसाइकिल क्रमांक MH-26-DA-8350 (हीरो स्प्लेंडर), MH-29-CO-8572, दो मोबाइल फोन और गांजा सहित कुल 2 लाख 21 हजार 800 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया। इस मामले में एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 8(क) एवं 20(ब) के तहत बीटरगांव पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
 वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
 यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक येरात तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी के मार्गदर्शन में की गई।
 स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक सतीश चावरे, पुलिस उपनिरीक्षक धीरज बांदे, पुलिस उपनिरीक्षक पांडुरंग शिंदे सहित पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
 बितरगांव पुलिस थाने के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी इस कार्रवाई में सहयोग दिया।
 अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप
 जिले में गांजा और अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि उनके परिसर में मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें तथा इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें।
