---
title: "मिट्टी से भरे गड्ढे में फंसा डीसीएम का पहिया 2 घंटे तक बड़े वाहनों का आवागमन रहा ठप"
url: "https://vandebharattv.com/mitti-se-bhre-gddhe-men-phnsa-disiem-ka-phiya/"
language: "en-US"
updated: "2026-10-25T15:22:53+00:00"
---

# मिट्टी से भरे गड्ढे में फंसा डीसीएम का पहिया 2 घंटे तक बड़े वाहनों का आवागमन रहा ठप

बाराबंकी फतेहपुर कस्बे के ब्लॉक चौराहा स्थित सूरतगंज मोड़ पर शुक्रवार शाम फल लदी एक डीसीएम सड़क किनारे मिट्टी से भरे गड्ढे में फंस गई। डीसीएम को बाहर निकालने में करीब दो घंटे लग गए, जिससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, डीसीएम कश्मीर से फल लेकर गोरखपुर जा रही थी। इसी दौरान सूरतगंज मोड़ के पास सड़क किनारे मिट्टी से भरे गड्ढे में वाहन फंस गया। चालक ने पहले खुद ही डीसीएम निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद वाहन को बाहर निकालने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद ली गई।

काफी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे में डीसीएम को गड्ढे से बाहर निकाला जा सका। इस दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। सूरतगंज की ओर से आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

इस घटना ने सड़क किनारे बने गड्ढों को मिट्टी से भरने और सड़क की स्थिति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे ऐसे स्थानों को सुरक्षित बनाने के लिए संबंधित विभाग को उचित व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं और जाम की समस्या से बचा जा सके।
