रांची, झारखंड-:झारखंड के चर्चित और लोकप्रिय विधायक जयराम महतो ने बुधवार को रांची स्थित आवास पर ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह से मुलाक़ात की और उनसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर तत्काल पहल करने की मांग की। इस दौरान उन्होंने मंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा।
विधायक महतो ने कहा कि दो वर्षों से पंचायत प्रतिनिधियों को फंड जारी नहीं होने के कारण गांवों में विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं। सड़क, नाली, पेयजल और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य फंड की कमी के कारण अधर में लटके हुए हैं। उन्होंने मांग की कि लंबित फंड को शीघ्र जारी किया जाए ताकि ग्रामीण विकास की गति दोबारा तेज हो सके।
इसके साथ ही उन्होंने राज्य स्तरीय पंचायत सहायकों की समस्याओं, डुमरी प्रखंड विकास पदाधिकारी के पदस्थापन, और उत्तराखंड क्षेत्र के सेवाटाॅड़ में जर्जर एवं संकीर्ण पुल के पुनर्निर्माण की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि सेवाटाड़ का पुल जर्जर स्थिति में है और किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है, इसलिए इसके निर्माण को तत्काल प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
युवाओं के रोजगार पर चिंता व्यक्त करते हुए विधायक महतो ने कहा कि झारखंड के युवा पलायन के लिए मजबूर हैं, क्योंकि राज्य में पर्याप्त रोज़गार के अवसर उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा—“युवा रोजगार की तलाश में अपना घर-परिवार छोड़ने को मजबूर हैं। पलायन झारखंड की सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है। हम युवाओं के न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं और उन्हें उनका अधिकार दिलाकर रहेंगे।”मुलाक़ात के दौरान ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर त्वरित और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
यह मुलाक़ात ग्रामीण विकास, पंचायत सशक्तीकरण और युवा रोजगार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों के समाधान की दिशा में अहम मानी जा रही है।#TigerJairamMahto #JairamMahto #JLKM #VandeBharatNews
















