रांची : झारखंड स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह की शाम रविवार को मोरहाबादी मैदान संगीत, रोशनी और उत्साह से सराबोर हो उठा। जहां एक ओर भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, वहीं कार्यक्रम का सबसे खास क्षण वह रहा जब गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने मंच पर अपनी गायिकी का जलवा बिखेरा।
बॉलीवुड की मशहूर सिंगर शिल्पा राव के साथ कल्पना सोरेन की जुगलबंदी ने उपस्थित हजारों दर्शकों का मन मोह लिया। दोनों कलाकारों ने मिलकर ऐसी सुरमई प्रस्तुति दी कि पूरा मोरहाबादी मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठा। मंच पर कल्पना सोरेन का यह अनोखा अंदाज देखकर दर्शक उत्साहित हो गए और उनकी तारीफ करते नहीं थके।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि कल्पना सोरेन ने न सिर्फ सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत किया है बल्कि कला और संगीत के प्रति अपनी प्रतिभा से झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को और भी उज्ज्वल किया है।
झारखंड स्थापना दिवस की यह शाम राज्य की अस्मिता, लोक-संस्कृति और नए उत्साह का संगम बनकर यादगार साबित हुई।




















