धनबाद।झारखंड विधानसभा के सचेतक एवं धनबाद विधायक राज सिन्हा ने केंदुआडीह क्षेत्र में बीते दिनों से जारी कार्बन मोनोऑक्साइड (जहरीली गैस) रिसाव की गंभीर स्थिति को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाक़ात की। उन्होंने प्रभावित परिवारों के लिए रोजगार, सुरक्षा, पुनर्वास और मुआवज़े की तत्काल व्यवस्था की मांग करते हुए मुख्यमंत्री को लिखित एवं मौखिक रूप से पूरी स्थिति से अवगत कराया।
दो की मौत, कई लोग अस्पताल में भर्ती—स्थिति भयावह विधायक राज सिन्हा ने मुख्यमंत्री को बताया कि केंदुआडीह थाना क्षेत्र के राजपूत बस्ती एवं आसपास के इलाके पिछले कई दिनों से जहरीली गैस के प्रभाव में हैं। इस गैस रिसाव से दो लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, स्थानीय रैयत सुरक्षित आवास, रोजगार और भविष्य को लेकर गंभीर संकट में हैं।
प्रशासन और कोल कंपनियों पर लापरवाही का आरोप विधायक ने कहा कि कोल प्रबंधन और जिला प्रशासन के साथ चर्चा के बावजूद गैस रिसाव रोकने और लोगों को सुरक्षा देने के लिए जरूरी कदम अब तक प्रभावी रूप से नहीं उठाए गए हैं। परिणामस्वरूप स्थानीय लोग लगातार आंदोलनरत हैं और स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित करने की मांग राज सिन्हा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि राज्य सरकार इस घटना की गहराई से जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित करे, ताकि गैस रिसाव के कारणों और जिम्मेदारियों का स्पष्ट पता चल सके और स्थायी समाधान हो सके।
रोजगार, सुरक्षा और मुआवज़े की मांग विधायक ने प्रभावित रैयतों के लिए—सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास,स्थायी रोजगार,और पीड़ित परिवारों को समुचित मुआवज़ाजैसे प्रमुख मुद्दों पर त्वरित निर्णय लेने का अनुरोध किया।उन्होंने मुख्यमंत्री को इस संबंध में लिखित मांग पत्र भी सौंपा।
मुख्यमंत्री का आश्वासनमुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूरी स्थिति की गंभीरता को स्वीकार करते हुए विधायक को आश्वस्त किया कि मामले में तत्काल और सकारात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी।केंदुआडीह गैस रिसाव से प्रभावित लोगों में इस पहल के बाद उम्मीद जगी है कि राज्य सरकार जल्द ठोस कदम उठाएगी।
















