बालूडीह–बरडूभी सड़क निर्माण का विधायक राज सिन्हा ने किया शिलान्यास, ग्रामीणों में उमड़ा उत्साह

editor
2 Min Read

धनबाद, 19 नवंबर 2025झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने बुधवार को मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढीकरण योजना के तहत बालूडीह चौक से मंथन सिंह के घर भाया बरडूभी तक बनने वाली सड़क का शिलान्यास किया। वर्षों से लंबित इस सड़क निर्माण परियोजना के शुरू होने पर स्थानीय ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला।

शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक राज सिन्हा ने कहा कि धनबाद की जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और इसी भरोसे ने उन्हें विकास के कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।

विधायक ने कहा—“धनबाद के विकास में कोई बाधा स्वीकार नहीं होगी। जनता के मुद्दे सर्वोपरि हैं और हर आवश्यक परियोजना समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।”उन्होंने निर्माण एजेंसी एवं अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए, ताकि यह मार्ग लंबे समय तक लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा प्रदान कर सके।

ग्रामीणों ने इस सड़क परियोजना को ऐतिहासिक बताया और कहा कि इससे उनके दैनिक जीवन में सुविधा के साथ-साथ स्थानीय विकास को भी गति मिलेगी। लोगों ने विधायक राज सिन्हा के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे लगातार क्षेत्र के हित में सक्रिय हैं।कार्यक्रम में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार न होने के बावजूद धनबाद का विधायक 24×7 जनता की सेवा में तत्पर है।

इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएँ व पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने विधायक राज सिन्हा को “झारखंड का उत्कृष्ट विधायक” चुने जाने पर उन्हें मंच पर ही बधाई दी।

Leave a Comment