आसनसोल, 22 दिसंबर 2025:आसनसोल मंडल द्वारा रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए सिउरी रेलवे स्टेशन पर बहुउद्देशीय स्वास्थ्य अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, डिविजनल रेलवे अस्पताल, आसनसोल द्वारा मंडलीय चिकित्सा प्रशासन के समग्र पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।
स्वास्थ्य अभियान में चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्य शिक्षक, आहार विशेषज्ञ, फार्मासिस्ट और पैरामेडिकल कर्मियों की टीम ने भाग लिया। अभियान के दौरान ईसीजी, रक्तचाप, रक्त शर्करा, लंबाई–वजन, बीएमआई, स्पायरोमेट्री सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं। चिकित्सीय परीक्षण के बाद आवश्यक दवाइयां भी परामर्श के साथ वितरित की गईं।
इस अभियान को कर्मचारियों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। रेलवे प्रशासन ने कहा कि इस तरह की पहल से कर्मचारियों का स्वास्थ्य बेहतर होगा, जिससे सुरक्षित, प्रभावी और यात्री-अनुकूल रेलवे संचालन को बढ़ावा मिलेगा।


















