---
title: "मुस्करा में तीन साल की मासूम की मौत से मचा हड़कंप, गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस की कई गाड़ियों में की तोड़फोड़"
url: "https://vandebharattv.com/muskra-men-tin-sal-ki-masum-ki-maut-se/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-02T06:08:28+00:00"
---

# मुस्करा में तीन साल की मासूम की मौत से मचा हड़कंप, गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस की कई गाड़ियों में की तोड़फोड़

मुस्करा (हमीरपुर)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र में तीन वर्षीय मासूम बच्ची की मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार दोपहर घर के बाहर खेल रही बच्ची अचानक लापता हो गई। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला।
 शाम करीब सात बजे बच्ची का शव कस्बे से लगभग 500 मीटर दूर गहरौली मार्ग के पास अरहर के खेत में मिला। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में आक्रोश फैल गया।

परिजनों ने युवक पर लगाए गंभीर आरोप
 परिजनों ने हीरा नाम के युवक पर बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने, दुष्कर्म करने और गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने कथित आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, आरोपों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही होगी।

पुलिस की गाड़ियों पर पथराव, कई वाहनों के शीशे टूटे
 घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों की पुलिस से नोकझोंक हो गई। देखते ही देखते मामला तनावपूर्ण हो गया। गुस्साए लोगों ने पुलिस की कई गाड़ियों पर पथराव कर दिया, जिससे सीओ राठ समेत कई थानों की गाड़ियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।
 स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

एसपी और फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा
 घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
 अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा के अनुसार, परिजनों की नामजद तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और अन्य आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।
 🎤 रिपोर्टर: निजामुद्दीन खान की रिपोर्ट
 📺 वंदे भारत न्यूज | हमीरपुर, उत्तर प्रदेश
