---
title: "नकटपुर गांव की गलियों में भरा पानी, ग्रामीण परेशान; शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ समाधान"
url: "https://vandebharattv.com/nktpur-ganv-ki-gliyon-men-bhra-pani-gramin-preshan/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-15T17:16:10+00:00"
---

# नकटपुर गांव की गलियों में भरा पानी, ग्रामीण परेशान; शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ समाधान

एटा। जिले के निधौली कलां ब्लॉक की भोपतपुर ग्राम पंचायत के नकटपुर गांव में जलभराव की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। गांव की गलियों में गंदा पानी भरा होने के कारण लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

ग्राम प्रधान का कहना है कि प्रशासक बनने के बाद उनके हाथ में विकास कार्य कराने के अधिकार नहीं हैं। उन्होंने कई बार अधिकारियों को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।

प्रधान के मुताबिक, ब्लॉक अधिकारी, पंचायत सचिव और ब्लॉक प्रमुख सुनील यादव भी कई बार गांव का दौरा कर चुके हैं, लेकिन जलनिकासी की व्यवस्था नहीं हो सकी।

वहीं, पीडब्ल्यूडी अधिकारी हर प्रसाद ने बताया कि संबंधित गली उनके विभाग के अंतर्गत नहीं आती, बल्कि पंचायत की गली है। इसका निर्माण कार्य ब्लॉक अधिकारियों और ग्राम प्रधान को कराना चाहिए।

अब सवाल यह है कि आखिर गांव की इस समस्या का समाधान कौन कराएगा? विभागों के बीच जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
