धनबाद, 15 नवंबर 2025: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने उपस्थित सभी लोगों को झारखंड की परंपरा, संस्कृति और विरासत को संरक्षित रखने की शपथ दिलाई।
उपायुक्त ने कहा कि झारखंड के गठन के 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं, और यह राज्य अपनी प्राकृतिक संपदा, सांस्कृतिक विविधता तथा ऐतिहासिक विरासत के कारण पूरे देश में विशेष पहचान रखता है। उन्होंने कहा—“सुंदर और समृद्ध झारखंड हम सभी के लिए गर्व का विषय है। हमारे पूर्वजों ने संघर्षों के माध्यम से जो विरासत हमें सौंपी है, उसके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सबकी है।”
उन्होंने सभी नागरिकों से राज्य के सतत विकास, सामाजिक समरसता और प्रगति के लिए निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया। समारोह में मौजूद लोगों ने झारखंड की भाषा, संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
















