धनबाद | 26 दिसंबर 2025वीर बाल दिवस के पावन अवसर पर धनबाद में श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा जोड़ाफाटक स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से निकाली गई शोभा यात्रा में शामिल हुए और वीर साहिबजादों को नमन किया।
इस अवसर पर विधायक राज सिन्हा ने श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह जी एवं बाबा फतेह सिंह जी की अमर शहादत को स्मरण करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में अत्याचार के सामने झुकने से इनकार कर उन्होंने सत्य, साहस और आत्मसम्मान की जो मिसाल पेश की, वह राष्ट्र और मानवता के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।
उन्होंने कहा कि वीर बाल दिवस हमें अपने सांस्कृतिक मूल्यों, धर्म की रक्षा और देशभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त करने का संदेश देता है। विधायक ने युवाओं से वीर साहिबजादों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।शोभा यात्रा में सिख समाज के गणमान्य लोग, बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। पूरे मार्ग में “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयघोष से वातावरण श्रद्धा और उत्साह से गूंज उठा।इस अवसर पर प्रीतपाल सिंह आजमानी, राजा राजपाल सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

















