चाईबासा में उरांव समाज संघ ने 150 कंबलों का किया वितरण, संचू तिर्की ने पत्नी व पुत्र की स्मृति को किया समर्पित

editor
2 Min Read

चाईबासा – शहर के बरकंदाज टोली स्थित बान टोला अखाड़ा में बुधवार को आदिवासी उरांव समाज संघ की ओर से गरीब, असहाय और जरूरतमंद बुजुर्गों के बीच 150 कंबलों का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम संघ के अध्यक्ष संचू तिर्की द्वारा उनकी दिवंगत पत्नी और पुत्र की स्मृति में आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम में बान टोला, मेरी टोला, चित्रो टोला और पुलहातु क्षेत्र के सैकड़ों बुजुर्ग पहुंचे। सभी को कंबल प्रदान किए गए। संचू तिर्की ने बताया कि पिछले 12 वर्षों से वे लगातार ठंड के मौसम में कंबल वितरण करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सेवा कार्य उनके परिवार के संघर्ष और त्याग को समर्पित है तथा उनके प्रियजनों की आत्मा की शांति के उद्देश्य से किया जाता है।

कंबल वितरण कार्यक्रम को सफल बनाने में कमिटी के सलाहकार बाबूलाल बरहा, मुखिया लालू कुजूर, सामाजिक कार्यकर्ता गणेश कच्छप, महावीर बरहा, तेजो कच्छप, राजेंद्र कच्छप, पूर्व पार्षद लक्ष्मी कच्छप, निर्मला लकड़ा, सावित्री कच्छप, जगरनाथ टोप्पो, दशरथ कुजूर और भोला कुजूर सहित कई सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। स्थानीय लोगों ने संचू तिर्की की इस सामाजिक पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सहयोग और संवेदना की भावना को मजबूत करते हैं। बुजुर्गों ने कंबल पाकर संतोष जताया और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment