मारवाड़ी युवा मंच, झरिया द्वारा निःशुल्क कृत्रिम अंग व हियरिंग एड वितरण शिविर का आयोजन

editor
2 Min Read

झरिया: अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच का स्थापना दिवस प्रतिवर्ष 20 जनवरी को मनाया जाता है। वर्ष 2026 का स्थापना दिवस मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी वर्ष शाखा अपने रूबी जयंती वर्ष (40 वर्ष) का उत्सव मना रही है। इस अवसर को सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ते हुए मंच द्वारा युवा विकास एवं सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत एक विशाल निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं हियरिंग एड वितरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

यह शिविर भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के सहयोग से 16, 17 एवं 18 जनवरी 2026 को अग्रवाल धर्मशाला, झरिया में आयोजित होगा। शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच और माप के बाद दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ, कृत्रिम पैर, कैलिपर्स, श्रवण यंत्र, बैसाखी सहित अन्य सहायक उपकरण पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने कहा कि रूबी जयंती वर्ष सेवा, संस्कार और समर्पण को समर्पित है। मंच का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों को आत्मनिर्भर बनाना है। यह शिविर दिव्यांगजनों को सम्मानजनक और स्वावलंबी जीवन प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम संयोजक आशीष भूसानिया ने बताया कि शिविर में लाभ लेने के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। समय पर पंजीकरण के बाद चयनित लाभार्थियों को आवश्यक सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि इस शिविर की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाएं।वहीं सह संयोजक निखिल खंडेलवाल ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा निरंतर सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है। रूबी जयंती वर्ष के तहत भविष्य में भी ऐसे जनसेवा कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी।

प्रेस वार्ता में डॉ. मनीष शर्मा, आशीष भूसानिया, निखिल खंडेलवाल, कार्यकारिणी सदस्य दिनेश शर्मा, मयंक केजरीवाल, सहित पूनम शर्मा और हितेन शर्मा उपस्थित थे।

Leave a Comment