---
title: "📌 ओवरब्रिज से तीस फीट नीचे खेत में गिरी बोलेरो, बिसवां के चार परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़ सीतापुर आसिफ खान।रामपुर में सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने सीतापुर के बिसवां"
url: "https://vandebharattv.com/ovrbrij-se-tis-phit-niche-khet-men-giri-bolero/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-26T15:59:32+00:00"
---

# 📌 ओवरब्रिज से तीस फीट नीचे खेत में गिरी बोलेरो, बिसवां के चार परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़ सीतापुर आसिफ खान।रामपुर में सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने सीतापुर के बिसवां

📌
 ओवरब्रिज से तीस फीट नीचे खेत में गिरी बोलेरो, बिसवां के चार परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

सीतापुर आसिफ खान।रामपुर में सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने सीतापुर के बिसवां कस्बे के चार परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। मुरादाबाद से ट्रक छुड़ाकर बोलेरो से घर लौट रहे चार दोस्तों की गाड़ी दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज से करीब तीस फीट नीचे खेत में जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक गाड़ी से उछलकर दूर जा गिरे। करीब एक सौ मीटर के दायरे में चारों के शव अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले। हादसे में बिसवां निवासी सैंतिस वर्षीय राम जीवन यादव,पैंतिस वर्षीय सुनील पोरवाल, चौबिस वर्षीय निलेश मिश्र पच्चिस वर्षीय अभिषेक शुक्ल की मौत हो गई। चारों लकड़ी के कारोबार से जुड़े थे।
 जानकारी के मुताबिक, सुनील पोरवाल का लकड़ी से लदा ट्रक ओवरलोडिंग के चलते मुरादाबाद में पकड़ा गया था। ट्रक छुड़ाने के लिए सोमवार सुबह सुनील अपने तीन दोस्तों रामजीवन, निलेश और अभिषेक के साथ मुरादाबाद गए थे। दिन भर की भागदौड़ के बाद ट्रक छुड़ाने की कार्रवाई पूरी हुई तो चारों बोलेरो से सीतापुर के लिए रवाना हो गए। रात करीब साढ़े आठ बजे रामपुर के सहजादनगर थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित ओवरब्रिज पर उनकी तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पुल से नीचे खेत में जा गिरी।
 हादसे की सूचना पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बोलेरो के इंजन से धुआं निकल रहा था। आग लगने की आशंका को देखते हुए टीम ने पानी डालकर इंजन को ठंडा किया। एएसपी अनुराग सिंह ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर मृतकों के परिजनों को सूचना दी और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
 “किसी ने पति खोया, किसी के सिर से उठा पिता का साया”
 चारों दोस्तों की मौत की खबर बिसवां पहुंचते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई। रामजीवन यादव नगर पालिका परिषद में प्लंबर का काम करते थे। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में पत्नी प्रीति और चार भाई हैं। पांच भाइयों में वह तीसरे नंबर पर थे। उनकी मौत से पत्नी और भाइयों का सहारा छिन गया।सुनील पोरवाल परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी रेनू, एक बेटा, एक बेटी और विधवा मां हैं। सुनील की असमय मौत से परिवार पर आर्थिक और भावनात्मक संकट टूट पड़ा है।
 निलेश मिश्र के पिता प्रमोद मिश्र अधिवक्ता हैं और बार एसोसिएशन के सचिव भी रह चुके हैं।निलेश ने पॉलिटेक्निक की पढ़ाई पूरी कर ली थी और आगे कानून की पढ़ाई करना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने दाखिले का फार्म भी भर दिया था। परिवार में उनका एक बड़ा भाई नितेश है।बेटे के भविष्य को लेकर परिवार ने जो सपने संजोए थे, वे इस हादसे के साथ ही बिखर गए।वहीं, अभिषेक शुक्ल के पिता धीरज शुक्ल कोटेदार प्रतिनिधि हैं।उनकी मां खेती -किसानी के साथ कोटे का संचालन करती हैं। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
 एक साथ घर से निकले चार दोस्तों की एक ही हादसे में मौत ने पूरे बिसवां कस्बे को गमगीन कर दिया। मंगलवार को चारों मृतकों के घरों पर रिश्तेदारों और परिचितों का तांता लगा रहा। कहीं पत्नी की आंखों से आंसू नहीं थम रहे थे तो कहीं जवान बेटे को खोने के गम में परिजन बदहवास थे। एक सफर पर निकले चार दोस्तों की जिंदगी का सफर एक साथ थम जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वंदे भारत न्यूज़ सीतापुर
