धनबाद | 15 दिसंबर 2025खरीफ विपणन मौसम 2025–26 के तहत जिले के सभी पैक्स में सोमवार से धान अधिप्राप्ति कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। विभिन्न प्रखंडों में माननीय जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर अधिप्राप्ति केंद्रों का उद्घाटन किया।
टुंडी में विधायक मथुरा प्रसाद महतो, धनबाद में विधायक राज सिन्हा तथा बाघमारा में विधायक शत्रुघ्न महतो ने अधिप्राप्ति कार्य की शुरुआत की। अन्य प्रखंडों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।जिला आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि किसानों से धान की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2450 प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी और 48 घंटे के भीतर एकमुश्त भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। जिले में कुल 18 अधिप्राप्ति केंद्रों का चयन किया गया है।
इन केंद्रों में गोविंदपुर, तोपचांची, बलियापुर, धनबाद, टुंडी, पूर्वी टुंडी, बाघमारा, निरसा-एगारकुंड और कलियासोल प्रखंडों के चयनित पैक्स शामिल हैं। उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे और समय पर भुगतान की व्यवस्था पर संतोष जताया।जनप्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध होगी, ताकि किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिल सके।

















