आसनसोल, 20 नवंबर 2025:यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए आसनसोल रेल मंडल ने मानकर और पराज स्टेशनों पर आधुनिक एलईडी प्रकाश व्यवस्था शुरू कर दी है। नई व्यवस्था से स्टेशनों पर रोशनी में बड़ा सुधार हुआ है, जिससे यात्रियों को तड़के सुबह और देर शाम बेहतर दृश्यता तथा सुरक्षित माहौल मिलेगा।
मानकर स्टेशन पर कुल 22 ऑक्टागोनल पोल (5.5 मीटर) स्थापित किए गए हैं। इनमें प्लेटफॉर्म 1/2 पर 12 तथा प्लेटफॉर्म 3/4 पर 10 पोल लगाए गए हैं। हर पोल पर 72-वाट की ऊर्जा–सक्षम एलईडी लाइटें लगाई गई हैं, जिनसे प्लेटफॉर्म, परिसंचरण क्षेत्र और प्रतीक्षालयों में रोशनी बढ़ गई है।
वहीं पराज स्टेशन पर प्लेटफॉर्म 1/2 और 3/4 पर 18 ऑक्टागोनल पोल के साथ 72-वाट एलईडी लाइट फिटिंग्स लगाई गई हैं। नई प्रकाश व्यवस्था से प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज और बैठने के स्थानों पर अधिक उजाला मिलेगा, जिससे संचालन संबंधी कार्य भी सुचारू रूप से हो सकेंगे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, एलईडी तकनीक कम ऊर्जा खपत के साथ अधिक रोशनी प्रदान करती है और स्टेशन परिसर को अधिक स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाती है। आसनसोल मंडल ने कहा कि यह कदम यात्री सुविधाओं को निरंतर बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।


















