आसनसोल, 15 दिसंबर 2025:पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल द्वारा सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों की पेंशन संबंधी लंबित शिकायतों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के दामोदर सभाकक्ष में पेंशन अदालत–2025 का आयोजन किया गया।
पेंशन अदालत की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक/आसनसोल श्रीमती विनीता श्रीवास्तव ने की। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक श्री वन्या आरे, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री बबल यादव सहित कार्मिक एवं लेखा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। पेंशन अदालत के माध्यम से पेंशनभोगियों और रेलवे अधिकारियों के बीच प्रत्यक्ष संवाद स्थापित हुआ।
अदालत में पेंशन संशोधन, महंगाई राहत, पारिवारिक पेंशन, पेंशन कम्यूटेशन, बकाया भुगतान सहित अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कुल पाँच शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार सही पाई गईं। सत्यापन के उपरांत तीन शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष एक मामले के शीघ्र निपटारे का आश्वासन प्रशासन द्वारा दिया गया।
इस दौरान पेंशनभोगियों को दस्तावेजी प्रक्रियाओं एवं औपचारिकताओं की भी जानकारी दी गई, ताकि भविष्य में पेंशन बकाया के निपटान में देरी न हो। अधिकारियों ने बताया कि आसनसोल मंडल द्वारा प्रत्येक माह की 20 तारीख को पेंशन शिकायत शिविर आयोजित किया जाता है, जिससे लंबित मामलों में उल्लेखनीय कमी आई है।
रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार पेंशन अदालत का आयोजन वर्ष में दो बार—15 जुलाई एवं 15 दिसंबर को किया जाता है। पेंशन अदालत में मान्यता प्राप्त पेंशनर्स एसोसिएशन एवं रेलवे यूनियनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर मंडल की शिकायत निवारण व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।पेंशन अदालत–2025 का सफल आयोजन सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के प्रति आसनसोल मंडल की जवाबदेही, पारदर्शिता और संवेदनशील प्रशासनिक दृष्टिकोण को दर्शाता है।















