---
title: "फर्रुखाबाद में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति समेत ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप"
url: "https://vandebharattv.com/phrrukhabad-men-dhej-ki-mang-puri-nhin-hone-pr/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-20T12:26:41+00:00"
---

# फर्रुखाबाद में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति समेत ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

फर्रुखाबाद में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति समेत ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

फर्रुखाबाद, 19 नवंबर। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कादरी गेट थाना क्षेत्र के मोहल्ला बगिया में नवविवाहिता शिवानी वर्मा की मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल के लोगों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका की बहन दुर्गा देवी वर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।

तहरीर के अनुसार, शिवानी वर्मा की शादी 12 फरवरी 2026 को अंकित पाण्डेय पुत्र गौरीशंकर पाण्डेय निवासी कादरी गेट बगिया के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति अंकित, सास श्रीदेवी और ननद द्वारा कम दहेज मिलने का ताना देकर शिवानी को प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष की ओर से अतिरिक्त दो लाख रुपये की मांग की जा रही थी।

मृतका के परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कथित रूप से दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शिवानी को लगातार परेशान किया जाता रहा। आरोप है कि रुपये नहीं देने पर उसे घर में रखने से मना किया जाता था और दूसरी शादी करने की धमकी भी दी जाती थी।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 18 नवंबर 2026 को दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शिवानी के साथ मारपीट की गई और उसकी हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कादरी गेट थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज करने और आगे की विधिक कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा।

अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं।
