---
title: "Pilibhit Tiger Reserve में दिखा &#8216;मिनी हिमालय&#8217;, 25 एकड़ में फैले इस अनोखे जंगल को देख दंग रह जाएंगे आप"
url: "https://vandebharattv.com/pilibhit-tiger-reserve-men-dikha-mini-himaly-25-ekd/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-22T11:15:19+00:00"
---

# Pilibhit Tiger Reserve में दिखा &#8216;मिनी हिमालय&#8217;, 25 एकड़ में फैले इस अनोखे जंगल को देख दंग रह जाएंगे आप

पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की माला रेंज में तराई के जंगल के बीच हिमालय की झलक देखने को मिलती है। यहां करीब 25 एकड़ क्षेत्रफल में पहाड़ों पर पाए जाने वाले चीड़ के पेड़ों का घना जंगल है।
 इन पेड़ों की ऊंचाई करीब 100 फीट तक है, जबकि इनकी संख्या 10 हजार तक बताई जा रही है। तराई के मैदानी क्षेत्र में चीड़ का इतना बड़ा जंगल होना अपने आप में अनोखा है।

माला रेंज का यह चीड़ वन पीलीभीत टाइगर रिजर्व की विशेष पहचान बन गया है। यहां सैकड़ों चीड़ के पेड़ एक साथ खड़े हैं। दूर से देखने पर ऐसा लगता है, जैसे पहाड़ों का जंगल तराई में उतर आया हो। इस जंगल के संरक्षण के लिए विशेष निगरानी की जा रही है।

जिले के 73,024 हेक्टेयर में फैला पीलीभीत टाइगर रिजर्व का जंगल नेपाल की शुक्ला फांटा सेंचुरी और उत्तराखंड के तराई पूर्वी वन प्रभाग की सुरई रेंज से जुड़ा है। दूसरी ओर दुधवा टाइगर रिजर्व की किशनपुर सेंचुरी व शाहजहांपुर के जंगलों से सीमाएं मिलती हैं
 ।पीटीआर की वनसंपदा केवल साल और सागौन के विशालकाय पेड़ों तक सीमित नहीं है। यहां खैर, रोहणी, विजय साल और शीशम के विशाल वृक्षों के साथ-साथ आयुर्वेदिक महत्व की दुर्लभ वनस्पतियां भी मौजूद हैं। जंगल में कठनीम, अकोन, वन मुसरिया, वेदू, रतनजोत, शिलहरा और फाकरन जैसी जड़ी-बूटियां पाई जाती हैं।

इसके अलावा ऊला, कांस, खस, कुश, कांवर, नरकुल और खरिया के विस्तृत घास के मैदान बाघों और अन्य वन्यजीवों को सुरक्षित आशियाना मुहैय्या कराते हैं। प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह ने चीड़ के जंगल की विशेष निगरानी की जा रही है, जिससे उसको दिक्कत न हो।

जानें क्या है चीड़
 चीड़ का वैज्ञानिक नाम पाइनस राक्सबर्गाई है। यह मुख्य रूप से हिमालयी क्षेत्रों में 1000 से 2000 मीटर की ऊंचाई पर पाया जाता है। इसका तना सीधा, लंबा और मजबूत होता है।

इसकी पत्तियां नुकीली और सुई के आकार की होती हैं, जिन्हें नीडल कहा जाता है। पत्तियों से पानी का उत्सर्जन कम होता है, इसलिए यह पेड़ कम पानी में भी जीवित रहता है।

चीड़ के पेड़ों से लीसा (रेजिन) प्राप्त होता है, जिससे तारपीन का तेल और बिरोजा बनाया जाता है। इसकी लकड़ी हल्की, मजबूत और टिकाऊ होती है, जिसका उपयोग फर्नीचर, दरवाजे और निर्माण कार्य में होता है। इसके शंकु (कोन) से बीज प्राप्त होते हैं।
