लिंडसे क्लब में 19 से 21 दिसंबर तक सजेगा पोष पार्बन मेला, संस्कृति और सेवा का संगम

editor
2 Min Read

धनबाद: लिंडसे क्लब एंड लाइब्रेरी में 19 से 21 दिसंबर तक वार्षिक पोष पार्बन मेला का आयोजन किया जाएगा। मेले को लेकर मंगलवार को क्लब सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष डॉ. अमलेंदु सिन्हा ने की।

डॉ. सिन्हा ने बताया कि पोष पार्बन मेला बंगाली पोष महीने के आगमन का उत्सव है। 19 दिसंबर को शाम 6 बजे मेले का उद्घाटन बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल (मुख्य अतिथि) और आईआईटी आईएसएम के डायरेक्टर (पर्सनल) धीरज कुमार (विशिष्ट अतिथि) द्वारा फीता काटकर किया जाएगा। इसके बाद दीप प्रज्वलन और स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।

20 दिसंबर को कक्षा 5 तक के बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं, पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बाउल गायक निमाई खेपा अपनी प्रस्तुति देंगे।

21 दिसंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान शिविर लगेगा, जिसका उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा करेंगे। शिविर में एसएनएमएमसीएच की रक्त विभाग की मेडिकल टीम मौजूद रहेगी। संध्या में कोलकाता की फोक बैंड टीम मैयनाकर डॉल्बॉल के नेतृत्व में स्थानीय कलाकारों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

क्लब सचिव सलिल विश्वास ने बताया कि अब तक 23 स्टॉल बुक हो चुकी हैं, जिनमें वेज-नॉनवेज सहित विभिन्न ब्रांडेड स्टॉल शामिल होंगी। सदस्य अरुण कुमार बनर्जी ने कहा कि मेले का उद्देश्य धनबाद व आसपास के क्षेत्रों में बंगाली संस्कृति को बढ़ावा देना और सामूहिक उत्सव का अनुभव कराना है। मेले के दौरान क्लब के स्मारिका (सोविनियर) का भी विमोचन किया जाएगा।प्रेस वार्ता में मिताली बनर्जी, डोली बनर्जी सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Comment