धनबाद, 21 जनवरी 2026:बोर्ड परीक्षा से पूर्व आयोजित मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की द्वितीय प्री-बोर्ड तथा कक्षा 9वीं एवं 11वीं की प्रथम प्री-बोर्ड परीक्षा के पांचवें दिन जिले में छात्रों की उपस्थिति उत्साहजनक रही। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देश पर आयोजित इस परीक्षा में जिले की स्कूलों में औसतन 98 प्रतिशत से अधिक छात्र शामिल हुए।
आज हाई स्कूल जोराडीह निरसा, खालसा हाई स्कूल धनबाद, उत्क्रमित उच्च विद्यालय जामाडोबा एवं पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बलियापुर में 100 प्रतिशत छात्र उपस्थित रहे। वहीं उत्क्रमित हाई स्कूल पलारपुर निरसा, आजाद हिंद उच्च विद्यालय गोमो, धनबाद प्राण जीवन एकेडमी, हाई स्कूल सालुकचपड़ा, उत्क्रमित उच्च विद्यालय बाघमारा, शिवाजी प्लस टू उच्च विद्यालय निरसा तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय गोविंदपुर में 99 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
अन्य विद्यालयों में भी उपस्थिति संतोषजनक रही। हाई स्कूल कुमारधुबी में 90 प्रतिशत, गर्ल्स हाई स्कूल गोमो में 93 प्रतिशत, उत्क्रमित हाई स्कूल कुमारीधुबी में 96 प्रतिशत, उत्क्रमित उच्च विद्यालय पूर्वी टुंडी में 95 प्रतिशत, हाई स्कूल मुगमा में 91 प्रतिशत, झरिया एकेडमी में 95 प्रतिशत, झरिया राज प्लस टू उच्च विद्यालय में 95 प्रतिशत, उत्क्रमित हाई स्कूल बेनागोड़िया में 96 प्रतिशत, प्लस टू हाई स्कूल बलियापुर में 96 प्रतिशत, नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय गोविंदपुर में 90 प्रतिशत, गवर्नमेंट सेकेंडरी स्कूल पाथरबंगला एवं माध्यमिक विद्यालय पाथरबंगला में 98 प्रतिशत तथा उत्क्रमित प्लस टू हाई स्कूल कोलाकुसमा में 94 प्रतिशत छात्र उपस्थित रहे।
उपायुक्त के निर्देशानुसार परीक्षा के बाद सभी विद्यालयों में पिछले प्री-बोर्ड की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। टॉपर छात्रों के अंक विद्यालयों के डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित किए गए तथा छात्रों के साथ प्रश्नपत्रों पर विस्तृत चर्चा की गई। अनुपस्थित छात्रों को शिक्षकों द्वारा फोन कर ट्रैक किया गया और परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही एसएमसी एवं पीटीएम बैठकों में परीक्षा परिणामों पर चर्चा कर छात्रों से फीडबैक भी लिया गया।प्री-बोर्ड परीक्षा का समापन 22 जनवरी 2026 को होगा।


















