आसनसोल | 18 जनवरी 2026:माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के सिंगूर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल पूर्वी भारत में लंबी दूरी और अंतरराज्यीय रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत शुरू की गई तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में से दो ट्रेनें पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल से होकर गुजरेंगी, जिससे इस क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर और किफायती रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।
इन ट्रेनों में बनारस–सियालदह–बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस (त्रि-साप्ताहिक) और हावड़ा–आनंद विहार टर्मिनल–हावड़ा अमृत भारत एक्सप्रेस (साप्ताहिक) शामिल हैं। बनारस–सियालदह अमृत भारत एक्सप्रेस दुर्गापुर, आसनसोल, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर ठहराव करेगी, जिससे पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के बीच रेल संपर्क और सुदृढ़ होगा। वहीं, हावड़ा–आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस दुर्गापुर और आसनसोल स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे पूर्वी भारत और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीच तेज और विश्वसनीय संपर्क स्थापित होगा।
प्रधानमंत्री द्वारा ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के उपलक्ष्य में आसनसोल मंडल के आसनसोल, दुर्गापुर, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर विशेष समारोह आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में यात्रियों और रेल अधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
अमृत भारत एक्सप्रेस को विशेष रूप से लंबी दूरी की सुरक्षित, आरामदायक और किफायती यात्रा के लिए डिजाइन किया गया है। आधुनिक यात्री सुविधाओं और उन्नत सुरक्षा व्यवस्थाओं से लैस ये ट्रेनें खासकर निम्न और निम्न-मध्यम आय वर्ग के यात्रियों के लिए उपयोगी साबित होंगी।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन ट्रेनों के परिचालन से प्रमुख शहरों, सांस्कृतिक व धार्मिक केंद्रों तक कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होगा और इससे क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। यह पहल विकसित भारत की परिकल्पना के अनुरूप भारतीय रेलवे की समावेशी विकास और बेहतर यात्री सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
















