Puducherry Double Independence Story; India Mini France

16 Min Read


बात 18 अक्टूबर 1954 की है। सुबह का वक्त था और जगह पुडुचेरी का कीझूर इलाका। एक सरकारी इमारत के कमरे में काफी हलचल थी। एक कोने में पप्पा गौबार्ट नाम से मशहूर इंडो-फ्रेंच नेता एडौर्ड गौबार्ट खड़े थे।

.

सफेद खादी के कुर्ते में लिपटे गौबार्ट कभी फ्रांसीसी प्रशासन का दाहिना हाथ माने जाते थे। उनके सामने फ्रांसीसी कमिश्नर का प्रतिनिधि पसीने पोंछते हुए फाइलों में उलझा था। बाहर हजारों की भीड़ देशभक्ति के नारे लगा रही थी।

178 लोग लाइन में लगे थे। सबके हाथ में मतपत्र था। वे एक-एक करके पेटी में वोट डाल रहे थे। जैसे ही आखिरी वोट डला, गौबर्ट बाहर निकले, उन्होंने अपना हाथ हवा में लहराया और देखते ही देखते कीझूर की धूल भरी सड़क ‘जय हिंद’ के नारों से गूंज उठी।

178 में से 170 लोगों ने पुडुचेरी के भारत में विलय के लिए वोट किया। इसके बाद पुडुचेरी भारत का हिस्सा बन गया, लेकिन फ्रेंच सरकार को इसकी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में 8 साल लग गए। 1962 में पुडुचेरी कानूनी तौर पर भारत में शामिल हो गया।

आज, यानी 9 अप्रैल को पुडुचेरी में वोटिंग है। ऐसे में आज कहानी, मिनी फ्रांस कहे जाने वाले पुडुचेरी, यानी पांडिचेरी की जो साल में दो बार आजादी मनाता है…

1498 में पुर्तगाली नाविक वास्को डी गामा ने भारत का रास्ता खोजा। इसके बाद यूरोप में होड़ मच गई। वजह थी- भारत के मसाले, रेशम, सोना और दौलत। डच, अंग्रेज और फ्रेंच भी दौड़ में जुट गए।

1665 में फ्रेंच अफसर फ्रांसिस कैरो भारत आए। 1668 में फ्रेंच ईस्ट इंडिया कंपनी ने सूरत में पहला ट्रेड सेंटर खोला। इसके बाद फ्रांसीसी पांडिचेरी की ओर बढ़े।

तब पांडिचेरी मछली पकड़ने वाला छोटा गांव था। यह बीजापुर रियासत में आता था। 1673 में फ्रेंच अफसर फ्रांस्वा मार्टिन ने बीजापुर के सुल्तान के सूबेदार शेर खान लोधी से पांडिचेरी को लीज पर ले लिया। उन्होंने यहां ट्रेड सेंटर खोला। धीरे-धीरे यह शहर बन गया।

18वीं सदी के आखिर में फांसीसियों ने पांडिचेरी के साथ-साथ यनम, माहे और कराईकल पर भी कब्जा कर लिया। ये इलाके दूर थे, लेकिन समुद्र किनारे थे।

पांडिचेरी पर कई बार अंग्रेजों ने भी राज किया, लेकिन हर बार फ्रांसीसी इसे वापस ले लेते थे। आखिरकार 1816 में फ्रांसिसियों ने पांडिचेरी में खूंटा गाड़ दिया और फिर कभी अंग्रेजों के हाथ नहीं आया।

1742 में यूरोप में अंग्रेजों और फ्रांसीसियों के बीच शुरू हुई जंग दक्षिण भारत में भी लड़ी गई, जो करीब 20 साल चली।

1742 में यूरोप में अंग्रेजों और फ्रांसीसियों के बीच शुरू हुई जंग दक्षिण भारत में भी लड़ी गई, जो करीब 20 साल चली।

फ्रांसीसियों ने पांडिचेरी को एक नहर के सहारे दो हिस्सों में बांट दिया। पहला- ‘विले ब्लांश’ यानी वाइट टाउन, जहां फ्रेंच अधिकारी, व्यापारी और भारतीय ईसाई रहते थे। दूसरा- ‘विले नोयर’ यानी ब्लैक टाउन, जहां आम भारतीय रहते।

फ्रांसीसियों ने पांडिचेरी में नेवल बेस बनाया। टेक्सटाइल इंडस्ट्री खोली, जिससे फ्रांस को भारी मुनाफा हुआ। सालाना 1.95 लाख डॉलर की कमाई होती। यानी आज के हिसाब से करीब 40 करोड़ रुपए।

1782 में मैसूर के शासक हैदर अली से मिलेत फ्रेंच एडमिरल सफ्रेन।

1782 में मैसूर के शासक हैदर अली से मिलेत फ्रेंच एडमिरल सफ्रेन।

17 साल के लड़के ने शुरू किया आंदोलन

फ्रेंच अफसर पांडिचेरी की कपड़ा मिल के मजदूरों से पूरे हफ्ते जी-तोड़ मेहनत करवाते और महीने में मुश्किल से 1 रुपए तनख्वाह देते। मजदूर गुस्से में थे। उनमें क्रांति की आग सुलग रही थी।

1908 में मशहूर लेखक और क्रांतिकारी सुब्रमण्यम भारती अंग्रेजों से बचते हुए मद्रास से भागकर पांडिचेरी आ गए। फ्रेंच कॉलोनी होने के कारण यह ब्रितानी हुकूमत के अधिकार क्षेत्र से बाहर था। इसका फायदा भारतीय क्रांतिकारी उठाते।

सुब्रमण्यम ने पांडिचेरी से ‘इंडिया’ नाम की विकली मैगजीन निकाली। इसने ब्रिटिश भारत के साथ पांडिचेरी में भी क्रांति जगा दी। 1910 में पांडिचेरी के सवाना कपड़ा मिल के मजदूरों ने वेतन बढ़वाने के लिए हड़ताल की, लेकिन फ्रेंच पुलिस ने इसे बेरहमी से कुचल दिया। 17-18 साल तक ऐसा ही चला, लेकिन मजदूरों की हालत नहीं सुधरी।

फिर आया साल 1928, 10वीं में पढ़ने वाले 17 साल के एक लड़के ने पांडिचेरी के कालवे कॉलेज में स्टूडेंट मूवमेंट खड़ा कर दिया। उसका नाम था- वरदराजुलु सुब्बैया उर्फ वी सुब्बैया। वे जवाहरलाल नेहरू, महात्मा गांधी और रूसी क्रांति की सोच से प्रेरित थे।

आंदोलन 3 महीने चला। खत्म होने पर सुब्बैया को 6 महीने के लिए सस्पेंड किया गया। जैसे-तैसे उन्हें 10वीं की परीक्षा देने को मिली। फिर वे नौकरी के लिए मद्रास चले गए।

जब 12 मौतों के बाद मजदूरों को हक मिला

1933 में वी सुब्बैया पांडिचेरी लौटे। उन्होंने महात्मा गांधी के ‘हरिजन सेवक संघ’ की एक शाखा पांडिचेरी में खोली। दलितों और मजदूरों को जोड़ा। साथ ही ‘सुदंतीरम’ नाम की मंथली मैगजीन निकाली।

14 फरवरी 1935 को सुब्बैया ने सवाना मिल में हड़ताल शुरू की। मांग रखी कि काम के 10 घंटे तय हों, बाल मजदूरी रुके, वेतन 6 आने हो और गर्भवती महिलाओं को वेतन के साथ छुट्टी मिले।

84 दिनों की हड़ताल के बाद मजदूरों की मांगें मानी गईं। सुब्बैया दलितों और मजदूरों में मशहूर हो गए।

जुलाई 1936 में सुब्बैया ने पांडिचेरी की रोडिए, सवाना और एली मिल के मजदूरों के साथ आंदोलन शुरू किया। उनकी मांग थी कि मजदूरों को ट्रेड यूनियन बनाने का अधिकार मिले।

29 जुलाई को सुब्बैया के भाषण के दौरान फ्रेंच पुलिस ने गोलीबारी कर दी। 12 मजदूर मारे गए। गुस्साए मजदूरों ने सवाना मिल को आग लगा दी।

दुनियाभर में इसकी चर्चा हुई। विरोध प्रदर्शन हुए। फ्रेंच पीएम लियों ब्लम से दखल की मांग गुई। फ्रेंच संसद में भी ये मुद्दा उठा। सरकार ने सुब्बैया को मिलने बुलाया।

जवाहरलाल नेहरू की सलाह पर सुब्बैया पेरिस गए। फ्रेंच सरकार ने मांगें मानीं। मजदूरों को ट्रेड यूनियन का अधिकार मिला। पांडिचेरी एशिया की पहली जगह बनी, जहां काम के 8 घंटे तय हुए।

पांडिचेरी की आजादी के आंदोलन के दौरान मिल मजदूर।

पांडिचेरी की आजादी के आंदोलन के दौरान मिल मजदूर।

‘पप्पा गौबार्ड’ की बगावत से कमजोर हुए फ्रांसीसी

वी सुब्बैया आजादी के लिए स्ट्रैटजी बना रहे थे, लेकिन 1938 में गिरफ्तार कर लिए गए। 1942 में रिहा होने के बाद उन्होंने कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ पांडिचेरी बनाई, लेकिन एक साल के लिए उन्हें पांडिचेरी से निकाल दिया गया।

15 अगस्त 1947 को भारत आजाद हुआ। अब पांडिचेरी में भी आजादी का आंदोलन तेज हो गया। मांग थी कि पांडिचेरी का भारत में विलय हो, लेकिन फ्रांसीसी इसे छोड़ना नहीं चाहते थे।

जनवरी 1950 में फ्रेंच पुलिस पांडिचेरी की सड़कों पर उतर गई। सुब्बैया के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी हो गया। कम्युनिस्ट कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जाने लगा। सुब्बैया का घर जला दिया गया, जहां कम्युनिस्ट पार्टी का दफ्तर भी था।

सुब्बैया अंडरग्राउंड होकर कई बार भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की टॉप लीडरशिप से मिले। उन्हें मिली कि आंदोलन को गांव-गांव तक फैलाएं। 1952 में उन्होंने वापस आकर हथियारबंद दस्ते बनाए। आंदोलन को गांव-गांव फैलाया।

इसी बीच एक और बड़ी घटना हुई। फ्रेंच नेशनल असेंबली में पांडिचेरी के प्रतिनिधि एडौर्ड गौबार्ट की फ्रांसीसी अधिकारियों से अनबन हो गई। नाराज पप्पा गौबार्ट ने बगावत कर दी।

मार्च 1954 में गौबार्ट फ्रांस से पांडिचेरी आ गए। उन्होंने ‘समानांतर सरकार’ बना ली। वैचारिक मतभेद होने के बावजूद सुब्बैया ने इस सरकार को समर्थन दिया। यहां से पांडिचेरी पर फ्रांस की पकड़ ढीली पड़ने लगी।

7 अप्रैल 1954 को कम्युनिस्ट पार्टी ने ‘डायरेक्ट एक्शन’ का ऐलान कर दिया। कम्युनिस्टों ने तिरूबुवानी इलाके को आजाद करा लिया। पुलिस से हथियार छीने और थाने पर राष्ट्रीय झंडा फहरा दिया। धीरे-धीरे कई इलाके आजाद करा लिए।

भारत की आजादी के 15 साल बाद स्वतंत्र हुआ पांडिचेरी

भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू चाहते थे कि कूटनीति से मसला सुलझे, ताकि फ्रांस से रिश्ते खराब न हों। सो भारत, फ्रांस और पांडिचेरी के बीच कई बैठकें हुईं।

आखिरकार 13 अक्टूबर 1954 को फ्रेंच पीएम पियरे मेंडेस फ्रांसे पांडिचेरी छोड़ने को तैयार हो गए। 18 अक्टूबर 1954 को पांडिचेरी के कीझूर में भारत के साथ विलय के लिए वोटिंग हुई। 178 स्थानीय प्रतिनिधियों में से 170 ने विलय के पक्ष में वोट दिया।

1 नवंबर 1954 को फ्रांस ने पांडिचेरी, यनम, माहे और कराईकल इलाकों का प्रशासनिक नियंत्रण भारत को दे दिया। पांडिचेरी को ‘डि फैक्टो’ आजादी मिल गई। यानी वास्तव या व्यवहार में आजाद हो गया, लेकिन फ्रांस ने अब भी कानूनी संप्रभुता नहीं छोड़ी थी।

इस बीच फ्रांस में राजनीतिक अस्थिरता आ गई। जल्दी-जल्दी सरकारें बदलने लगीं। वहीं अल्जीरिया में आजादी की मांग होने लगी। युद्ध जैसे हालात बन गए।

लेकिन अब भी कानूनी बात नहीं बनी। फिर फ्रांस की सत्ता पर काबिज हुए जनरल चार्ल्स डी गॉल। उन्हें लगा कि फ्रेंच कॉलोनियों को लंबे वक्त तक कंट्रोल में नहीं रखा जा सकता। इसके चलते मई 1956 में भारत-फ्रांस के बीच एक ट्रीटी हुई, जिसमें फ्रांस ने भारत को अपने कब्जे वाले इलाके सौंपने को लेकर हामी भरी।

लेकिन इसे फ्रांसीसी संसद से मंजूरी मिलने में 6 साल लग गए। मई 1962 में फ्रांसीसी संसद ने इस पर मुहर लगाई। 16 अगस्त 1962 को फ्रांस ने ये दस्तावेज भारत को सौंपे। इसी दिन पांडिचेरी को ‘डि ज्यूर’ आजादी मिल गई। यानी कानूनन पांडिचेरी आजाद हो गया और भारत का हिस्सा बन गया।

तत्कालीन प्रधानमंत्री नेहरू ने पांडिचेरी की जनता से वादा किया था कि कोई बाहरी उन पर शासन नहीं करेगा। इसीलिए पांडिचेरी को केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा दिया गया और विधानसभा गठित की गई। गौबार्ट पांडिचेरी के पहले सीएम बने, जबकि सुब्बैया विपक्ष में बैठे।

1955 में प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू ने पांडिचेरी का दौरा किया था।

1955 में प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू ने पांडिचेरी का दौरा किया था।

पीले फ्रेंच क्वार्टर, फ्रेंच लैंग्वेज, फ्रेंच फूड आज भी मौजूद

जैसे हर साल 15 अगस्त को पूरे भारत में आजादी का जश्न मनाया जाता है, वैसे पांडिचेरी में भी होता है। हालांकि 16 अगस्त को डि ज्यूर ट्रांसफर डे और 1 नवंबर को लिबरेशन डे भी मनाया जाता है।

अक्टूबर 2006 में पांडिचेरी का नाम ‘पुडुचेरी’ कर दिया गया। ये दो तमिल शब्दों से मिलकर बना है- ‘पुदु’ यानी नया और ‘चेरी’ यानी गांव। प्राचीन तमिल साहित्य में इस इलाके का नाम ‘पुडुचेरी’ ही था, लेकिन फ्रेंच अफसरों को बोलने में कठिनाई होती थी, तो उन्होंने इसे बिगाड़कर पांडिचेरी कर दिया।

आज भी यहां फ्रेंच कॉलोनी की निशानियां मौजूद हैं। ‘वाइट टाउन’ में आज भी पीले दीवारों, ऊंची खिड़कियों और बोगनवेलिया के फूलों से लदी बालकनियों के साथ फ्रेंच क्वार्टर मौजूद हैं। गलियों के नाम आज भी ‘रुई’ से शुरू होते हैं, जैसे ‘रुई ड्यूमास’ या ‘रुई रोमां रोलां’। फ्रेंच भाषा में सड़कों को रूई कहते हैं।

पुडेचरी में मौजूदा फ्रेंच कॉलोनी के वक्त के फ्रेंच क्वार्टर, जो दिखते तो पहले जैसे हैं, लेकिन वक्त के साथ बदलते जा रहे हैं।

पुडेचरी में मौजूदा फ्रेंच कॉलोनी के वक्त के फ्रेंच क्वार्टर, जो दिखते तो पहले जैसे हैं, लेकिन वक्त के साथ बदलते जा रहे हैं।

पुडुचेरी के कैफे, रेस्टोरेंट, होटल में दक्षिण भारतीय इडली-डोसा के साथ फ्रेंच डिश क्रॉसों, बैगेट, क्रेप्स और रैटटौई वगैरह भी मिलते हैं। फ्रेंच वाइन आज भी यहां के लोगों की पसंद है। फ्रेंच कॉलोनी के दौर में यहां की पुलिस ‘कैपी’ नाम की मशहूर लाल टोपी पहनती थी। आज भी ये बरकरार है।

तमिल भले ही यहां की प्राइमरी ऑफिशियल लैंग्वेज है, लेकिन अग्रेंजी और फ्रेंच को भी ये दर्जा मिला है। यहां रहने वाले लोग फ्रेंच, तमिल, हिंदी और अंग्रेजी बोल सकते हैं। पुडुचेरी में रचे-बसे फ्रेंच कल्चर के कारण लोग बोल-चाल में इसे ‘मिनी फ्रांस’ तक कहते हैं।

केंद्र शासित प्रदेश और तीन राज्यों में फैले होने के कारण पुडुचेरी की राजनीति केंद्र सरकार के प्रभाव में और स्थानीय गठबंधनों के हिसाब से चलती है। यहां 30 विधानसभा सीट हैं, जिनके लिए वोटिंग होती है। जबकि 3 अन्य सीटों पर केंद्र सरकार के नॉमिनेटेड विधायक होते हैं।

अभी यहां एन. रंगासामी की सरकार है। उनकी पार्टी AINRC का बीजेपी के साथ अलायंस है, यानी NDA में है। 10 सीट पर AINRC और 6 पर बीजेपी काबिज है। बीजेपी के पास 3 नॉमिनेटेड विधायक भी हैं, यानी बीजेपी के पास कुल 9 विधायक हैं। वहीं एमके स्टालिन की DMK के पास 6 और कांग्रेस के 2 सीटें हैं। 6 पर निर्दलीय विधायक हैं।

आज, यानी 9 अप्रैल को पुडुचेरी में वोटिंग है। NDA के खिलाफ कांग्रेस और एमके स्टालिन की DMK का गठजोड़ चुनावी मैदान में है। फिर भी वैसे तो संभावना है कि ‘AINRC-बीजेपी बनाम कांग्रेस-DMK’ के बीच ही मुकाबला होगा, लेकिन माना जा रहा है कि तमिल एक्टर विजय की पार्टी TVK की एंट्री से समीकरण बदल सकते हैं।

——————————–

चुनाव से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए…

‘शूद्र’ महिलाओं से संबंध बनाते थे नंबूदरी ब्राह्मण: नस्ल सुधारने के नाम पर जन्मे बच्चों से दूर रहते, केरलम की राजनीति में कितना असर

केरलम का त्रावणकोर इलाका। एक ब्राह्मण पुरुष तैयार होकर नायर बस्ती में जाता है। वहां एक घर के बाहर नहाता है। कपड़े बदलता है। खाना खाता है। फिर घर के बाहर चप्पल उतार कर अंदर जाता है, जहां एक महिला उसका इंतजार कर रही होती है। जब उसका पति लौटता है और उसे एक आदमी की चप्पल दिखती है, तो बिना कुछ कहे लौट जाता है। क्योंकि वो समझ जाता है कि उसकी पत्नी एक नंबुदरी ब्राह्मण पुरुष के साथ संबंधम में है। पूरी खबर पढ़िए…



Source link

Share This Article
Leave a Comment