राँची में राष्ट्रपति की सुरक्षा में चूक की खबर बेबुनियाद, राँची पुलिस ने किया खंडन

editor
2 Min Read

राँची में माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा में चूक और उनके कारकेड में स्कूटी सवार के घुसने की खबरों को राँची पुलिस ने सिरे से खारिज कर दिया है। पुलिस ने इसे पूरी तरह आधारहीन और भ्रामक बताया है।

राँची पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में जिस स्कूटी सवार को दिखाया जा रहा है, वह राष्ट्रपति के मुख्य कारकेड का हिस्सा नहीं था। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि राष्ट्रपति महोदया, महामहिम राज्यपाल और माननीय मुख्यमंत्री का मुख्य काफिला पहले ही काफी आगे निकल चुका था। इसके बाद एयरपोर्ट पर तैनात पदाधिकारी अपनी ड्यूटी समाप्त कर लौट रहे थे, उसी दौरान सड़क पर एक स्कूटी सवार दिखाई दिया।

पुलिस के अनुसार, स्कूटी सवार विशेष शाखा (स्पेशल ब्रांच) का पुलिसकर्मी था, जो आसूचना संकलन के लिए एयरपोर्ट पर प्रतिनियुक्त था और ड्यूटी के बाद अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। एहतियातन तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोका और जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई।

राँची पुलिस ने दोहराया कि किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक नहीं हुई है और वायरल वीडियो को गलत तरीके से प्रस्तुत कर भ्रम फैलाया जा रहा है। पुलिस ने यह भी कहा कि राँची पुलिस के सभी कर्मी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति पूरी तरह सजग, सतर्क और प्रतिबद्ध हैं।

Leave a Comment