हाजीपुर, 03 दिसंबर 2025श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 359वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेल ने बड़ा निर्णय लिया है। 19 दिसंबर 2025 से 2 जनवरी 2026 तक पटना साहिब स्टेशन पर 19 जोड़ी ट्रेनों का दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा।
यह निर्णय पटना साहिब पहुंचने वाले देश–विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए लिया गया है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के तख्त श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचकर दर्शन कर सकें।रेलवे द्वारा जारी सूची के अनुसार पूर्वा एक्सप्रेस, विभूति एक्सप्रेस, दूरंतो एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस, बैद्यनाथधाम एक्सप्रेस, बागमती एक्सप्रेस, अनन्या एक्सप्रेस, द्वारिका एक्सप्रेस सहित कुल 38 ट्रेनों (19 जोड़ी) को यह अतिरिक्त ठहराव मिलेगा।
ठहराव का समय अलग-अलग ट्रेनों के लिए निर्धारित किया गया है, जो रेलवे द्वारा जारी विस्तृत सूची में स्पष्ट किया गया है।रेलवे प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं के भारी आवागमन को देखते हुए यह व्यवस्था अस्थायी रूप से लागू की जा रही है और इससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।धार्मिक उत्सवों पर यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा की गई यह पहल सराहनीय कदम माना जा रहा है।















