गोविंदपुर जैप-3 परिसर में लगा आरओ प्लांट, जवानों को मिलेगी शुद्ध पेयजल की सुविधा उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने किया उद्घाटन

editor
2 Min Read

धनबाद, 03 दिसंबर 2025 – गोविंदपुर स्थित झारखंड सशस्त्र पुलिस-3 (जैप-3) परिसर में अब जवानों को शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलेगी। उपायुक्त आदित्य रंजन की पहल पर परिसर में आधुनिक आरओ वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया गया। बुधवार को उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन किया।

इस मौके पर जैप-3 के कमांडेंट मनोज स्वर्गीयारी, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि आरओ प्लांट की स्थापना से जवानों के स्वास्थ्य में सुधार होगा और उन्हें गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

यह प्लांट बैंक ऑफ इंडिया के सीएसआर फंड से तैयार किया गया है। प्रति घंटे लगभग 1000 लीटर पानी शुद्ध करने की क्षमता वाला यह प्लांट लंबे समय से उठ रही स्वच्छ पेयजल की मांग को पूरा करेगा।

उद्घाटन कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पौधारोपण भी किया गया। अधिकारियों ने इसे सुरक्षा बलों के मनोबल और सुविधा बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।उद्घाटन के बाद उपायुक्त और एसएसपी ने जैप परिसर के आसपास चल रहे निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। तालाब के जीर्णोद्धार, पार्क निर्माण और परिसर की सुरक्षा परिधि से जुड़े कार्यों को समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया गया।

जैप-3 के जवानों ने इस सुविधा को लेकर प्रशासन का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह उनके दैनिक जीवन में बड़ी राहत साबित होगी।

Leave a Comment