धनबाद के एसएनएमएमसीएच में गायनी विभाग से नवजात शिशु की चोरी की घटना के बाद जिला प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मरीजों और नवजात शिशुओं की सुरक्षा को लेकर अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्णय लिया गया है।
अस्पताल प्रबंधन ने सुरक्षा के मद्देनज़र 25 अतिरिक्त होमगार्ड जवानों की तैनाती का फैसला किया है। इसके साथ ही ओपीडी, इमरजेंसी, वार्ड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी, ताकि हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा सके। सीसीटीवी कैमरे लगाने का खर्च मुख्यमंत्री अस्पताल रख-रखाव एवं संचालन योजना के तहत वहन किया जाएगा।
इस संबंध में अस्पताल अधीक्षक डॉ. डी.के. गिंदौरिया ने बताया कि सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती और सीसीटीवी इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी, जिससे मरीजों, परिजनों और नवजात शिशुओं को सुरक्षित वातावरण मिल सके।उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और अस्पताल प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में जुटा है।














